माययूनिमेंटर की ओर से ‘स्कूल करियर गाइडेंस समिट 2026-27’ का आयोजन

देहरादून के ओलंपस हाई स्कूल में माययूनिमेंटर की ओर से ‘स्कूल करियर गाइडेंस समिट 2026-27’ का आयोजन किया गया। इस करियर मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए 20 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और करियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं और 12वीं के करीब 200 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया और अपने भविष्य से जुड़े सवालों के जवाब प्राप्त किए।करियर का सही चुनाव विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करता है। इसी उद्देश्य से ओलंपस हाई स्कूल में स्कूल करियर गाइडेंस समिट का आयोजन किया गया। इसमें दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और उत्तराखंड समेत विभिन्न क्षेत्रों के 20 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।समिट के दौरान विद्यार्थियों को अलग-अलग पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, फीस, छात्रवृत्ति, हॉस्टल सुविधाओं और प्लेसमेंट से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पहले सत्र में स्ट्रीम और कोर्स के चयन, प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी और रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालयों के स्टॉल पर पहुंचकर प्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया।माययूनिमेंटर के संस्थापक ओम गर्ग ने कहा कि विद्यार्थियों को सही करियर चुनने के लिए उचित मार्गदर्शन और अपने सवालों के स्पष्ट जवाब मिलना बेहद जरूरी है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को भविष्य की बेहतर योजना बनाने में मदद कर सकते हैं।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को करियर कार्ड भी दिए गए। इन कार्डों को भरने वाले विद्यार्थियों को माययूनिमेंटर की ओर से निःशुल्क व्यक्तिगत करियर काउंसलिंग का अवसर दिया जाएगा।आयोजकों के मुताबिक, अक्टूबर महीने में देहरादून और सहारनपुर के पांच स्कूलों में इस समिट का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से 2,050 से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here