कोटद्वार में मां के 20 लाख के जेवर चोरी करने वाला बेटा राजस्थान से गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के आभूषण किए बरामद, मामले में आगे की कार्रवाई जारी

कोटद्वार। कोटद्वार में अपनी ही मां के घर से करीब 20 लाख रुपये के जेवर चोरी करने के आरोपी बेटे को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, बीते पांच अक्टूबर को बालासौड़ निवासी अनीता देवी ने कोतवाली कोटद्वार में तहरीर देकर घर से करीब 20 लाख रुपये के जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में शिकायतकर्ता के पुत्र दीपांशु की संलिप्तता सामने आई। आरोपी के राजस्थान में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे राजस्थान के झालावाड़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। मामले में पुलिस की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here