फर्जी मुंबई क्राइम ब्रांच अफसर बन कारोबारी का अपहरण, 25 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप

राजधानी देहरादून में खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर एक कारोबारी के अपहरण और 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने एक महिला सहित चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पटेल नगर क्षेत्र के पेपर उत्पाद कारोबारी सिद्धार्थ अग्रवाल की शिकायत के अनुसार, 25 जून को एक एसयूवी वाहन में सवार तीन पुरुष और एक महिला उनके प्रतिष्ठान पहुंचे। इनमें से एक व्यक्ति ने स्वयं को मुंबई क्राइम ब्रांच का इंस्पेक्टर बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ मुंबई में शिकायत दर्ज है।

आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने कारोबारी का मोबाइल फोन छीन लिया और उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर सहारनपुर चौक स्थित एक होटल के बाहर ले गए। वहां पिस्टल दिखाकर मकोका और एनडीपीएस जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी गई।

शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने मामला खत्म करने के नाम पर 25 लाख रुपये की मांग की। कारोबारी द्वारा पैसे न होने और पिता से बात करने की बात कहने पर आरोपी उन्हें वापस कार्यालय ले आए। वहां परिजनों और अन्य लोगों के पहुंचने पर जब कथित अधिकारी से पहचान पत्र दिखाने और स्थानीय पुलिस बुलाने की बात कही गई तो आरोपी मौके से फरार हो गए।

पटेल नगर कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here